Maharajganj

विधायक के प्रयास से निचलौल को 131 करोड़ की सौगात, बनेगा हाईटेक बस स्टेशन

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद की 317 सिसवा विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने अत्याधुनिक रोडवेज बस स्टेशन के निर्माण के लिए 131 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह निर्णय आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित मंत्री परिषद की बैठक में लिया गया।प्रस्तावित बस स्टेशन को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जो एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इससे यात्रियों को बेहतर प्रतीक्षालय, डिजिटल टिकटिंग, स्वच्छ परिसर, पार्किंग और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। यह परियोजना न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देगी। इस अवसर पर सिसवा के विधायक प्रेम सागर पटेल ने बताया कि उनके निरंतर प्रयासों के चलते यह महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि निचलौल क्षेत्र में बनने वाला यह हाईटेक बस स्टेशन पूरे क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। विधायक ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल आम जनता को आधुनिक और सुगम परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है। स्थानीय लोगों में इस घोषणा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे सिसवा विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर जल्द ही बदल जाएगी।

यह भी पढ़ें : विधायक की पत्नी को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे सीएम, सुरक्षा के कड़े इंतजाम